मुख्य मजकूराकडे जा

भगवान बुद्ध और उनका धम्म - लेखक -  डॉ. भीमराव आम्बेडकर

Bhagwan Buddha aur Unka Dhamma Written by dr Bhimrao Ramji Ambedkar

Page 88 of 132
16 जून 2023
Book
12,14,5,7,1,,

६. बाह्य शुद्धि अपर्याप्त है


१. एक बार भगवान् बुद्ध श्रावस्ती मे विहार कर रहे थे । उस समय ब्राह्मण भी यही रहता था । वह पानी से शुद्धि मानने वाला था और पानी से शुद्धि की किया करता था । रात-दिन वह प्राय:स्तान करने मे ही लगा रहता ।

२. अब आनन्द महास्थविर चीवर धारण कर, अपना पात्र चीवर साथ ले श्रावस्ती में भिक्षाटन के लिये निकले । भिक्षाटन से लौटकर, भिक्षा ग्रहण कर चुकने पर, आनन्द महास्थविर तथागत के पास पहुंचे, अभिवादन किया और एक ओर बैठ गये । इस प्रकार बैठे हुए आनन्द महास्थविर ने कहा: --

३. ”भगवान!,श्रावस्ती में सट्टारव नाम का एक ब्राह्मण रहता है । वह पानी से शुद्धि में विश्वास रखता है और पानी से शुद्धि ही करता रहता है ।रात-दिन उसका अधिकाँश समय स्नान करने में ही खर्च होता है । भगवान्! यह अच्छा होगा यदि आप सट्टारव ब्राह्मण पर दया कर उससे भेंट करने चलें ।

Bahya Shuddhi Aparyapt hai - Bhagwan Buddha aur Unka Dhamma - Written by dr Bhimrao Ramji Ambedkar

४. तथागत ने मौन रहकर स्वीकार किया ।

५. दूसरे दिन प्रात:काल तथागत अपना चीवर पहन, पात्र - चीवर साथ ले सट्टारव ब्राह्मण के घर जा पहुँचे । वहाँ जाकर बिछे आसन पर बैठे ।

६. तब सट्टारव ब्राह्मण जहाँ तथागत थे, वहाँ आया और कुशल-क्षेम पूछ एक ओर बैठ गया ।

७. उस के बैठ जाने पर सट्टारव ब्राह्मण से तथागत ने पूछा:--"ब्राह्मण! जैसा लोग कहते है, क्या यह सच है कि तुम जलसे शुद्धि विश्वास रखते हो, पानी से शुद्धि ही करते रहते हो ? तुम्हारा रात-दिन का अधिकांश समय स्नान करने में ही खर्च होता है ।"

८. " श्रमण गौतम! यह सच हैं ।”

९. “ब्राह्मण! इस प्रकार रात-दिन स्नान आदि करते रहने मे ही तुम क्या लाभ देखते हो?

१०. ” श्रमण गौतम! यह इस तरह है कि दिन में मुझसे जो कुछ भी पाप कर्म होता है, मैं उसे उसी दिन शाम को धो डालता हूँ औ रात को मुझसे जो पाप-कर्म होता है । वह मैं प्रातः काल उठते ही स्नान करके धो डालता हूँ । इस प्रकार रात-दिन स्नान आदि करते रहने में मुझे यही लाभ दिखाई देता है ।

११. तब तथागत ने कहा--

१२. " धम्म ही वह जल स्रोत है, जो स्वच्छ है। जो निर्मल है ।

१३. “यहाँ जब शास्त्रों के ज्ञाता स्नान करने आते है, तो उनका प्रत्येक अंग शुद्ध हो जाता है तथा वे दूसरे तट पर चले जाते है ।

१४. तथागत के ऐसा कहने पर सट्टारव ब्राह्मण बोला--" श्रमण गौतम! यह अदभूत है । आज से जीवनपर्यत आप मुझे अपना शरणागत उपासक जाने" ।


७. पवित्र जीवन क्या है?


१. एक बार भगवान बुद्ध ने चारिका करते समय भिक्षुओं को निम्नलिखीत प्रवचन दिया: --

२. “भिक्षुओं! यह पवित्र जीवन न लोंगो को ठगने के लिये है, न उनसे कुछ प्राप्त करने के लिये है, न लाभ यश की प्राप्ति के लिये है, न शासार्थ करना सीखने के लिये है, न इसलिये है कि लोग जान जायें कि यह अमुक है । निश्चय से भिक्षुओं! इस पवित्र जीवन का अभ्यास किया जाता है । शरीर और वाणी को संयत रखने के लिये, आसों को दूर करने के लिये तथा चित्त की विमुक्ति और तृणा का क्षय प्राप्त करने के लिये ।"