रायपुर। अखिल भारतीय किसान सभा का 36वां राष्ट्रीय सम्मेलन 15 से 18 नवंबर तक तेलंगाना के ऐतिहासिक नालगोंडा में आयोजित होने जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में देश भर से चुनकर आए लगभग 800 प्रतिनिधि शामिल होंगे और संगठन की आगे की दिशा पर विचार-मंथन करेंगे। छत्तीसगढ़ किसान सभा के राज्य सम्मेलन में निर्वाचित 10 प्रतिनिधि भी राज्य की ओर से इसमें भागीदारी करेंगे। इसकी जानकारी छत्तीसगढ़ किसान सभा के राज्य अध्यक्ष प्रशांत झा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
श्री झा के अनुसार, किसान सभा के पूरे देश में इस समय 1.59 करोड़ सदस्य हैं, जो इसे देश का सबसे बड़ा किसान संगठन बनाते हैं। संगठन की जड़ें गाँव-गाँव तक फैली हैं — 27 राज्यों के 36,763 गाँवों में इसकी 62,597 प्राथमिक इकाइयाँ सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। इसके अलावा, किसान सभा संयुक्त किसान मोर्चा का सबसे बड़ा घटक संगठन है और देश भर में संयुक्त किसान आंदोलन को खड़ा करने में उसकी अहम भूमिका रही है।

प्रशांत झा ने बताया कि यह सम्मेलन बीते चार वर्षों के दौरान कॉर्पोरेट नीतियों के विरुद्ध प्रतिरोध खड़ा करने के लिए किए गए प्रयासों की समीक्षा करेगा। उनके मुताबिक इस अवधि में किसान सभा ने कभी अकेले, तो कभी संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम), खेत मजदूरों के संगठनों और ट्रेड यूनियनों के साथ मिलकर देश भर में प्रभावशाली अभियान चलाए। इन अभियानों में न्यूनतम समर्थन मूल्य, कर्ज़ मुक्ति, चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने, मनरेगा को फिर से लागू करने, बिजली के निजीकरण पर रोक और मुक्त व्यापार समझौतों पर रोक जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। इसके साथ ही जल-जंगल-ज़मीन के सवालों और विस्थापन के खिलाफ भी संघर्ष किया गया।
किसान सभा नेता के अनुसार 15 नवंबर का दिन इसलिए भी विशेष है कि इस दिन महान आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है, जिन्होंने ब्रिटिश साम्राज्यवाद के विरुद्ध स्वतंत्रता संग्राम में भूमि अधिकारों की रक्षा और आदिवासियों को दासता से मुक्ति दिलाने के लिए संघर्ष करते हुए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। इस अवसर पर पूरे देश में झंडा दिवस मनाया जाएगा। किसान सभा मोदी सरकार को कॉर्पोरेट-सांप्रदायिक बताते हुए उसकी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर संघर्ष तेज करने की ज़रूरत का संदेश इसी दिन आम जनता तक पहुँचाएगी।
सम्मेलन स्थल के चयन का भी अपना ऐतिहासिक महत्व है। नालगोंडा वही धरती है जो सामंती भूस्वामियों के विरुद्ध लड़े गए ऐतिहासिक तेलंगाना सशस्त्र किसान संघर्ष का केंद्र-बिंदु रहा। किसान सभा के नेतृत्व में साम्राज्यवाद और सामंतवाद के खिलाफ लड़ा गया यह संघर्ष संगठन के इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय माना जाता है।
छत्तीसगढ़ की आगामी रणनीति पर प्रकाश डालते हुए झा ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य में किसानों की आजीविका, आदिवासियों और दलितों के अधिकारों, ग्रामीणों के विस्थापन तथा खेती-किसानी के संकट से जुड़े मुद्दों पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इन अभियानों के जरिये किसानों को संगठित कर संघर्ष की राह पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इन संघर्षों को भाजपा राज की उन नीतियों के खिलाफ व्यापक जनता के आंदोलनों से जोड़ा जाएगा, जिन्हें उन्होंने किसान विरोधी और कॉर्पोरेटपरस्त करार दिया, ताकि संयुक्त किसान आंदोलन को और तेज किया जा सके।
गौरतलब है कि किसान सभा देश के किसान आंदोलनों से जुड़ा एक प्रमुख संगठन है और संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले हुए आंदोलनों में उसकी सक्रिय भागीदारी रही है। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के अनुभव साझा किए जाने और आगामी संघर्षों की रूपरेखा तय किए जाने की उम्मीद है।