भारी बारिश भी नहीं डिगा सकी हौसला: रांची में ओबीसी मोर्चा ने काला बिल्ला लगाकर जताया शांतिपूर्ण विरोध

दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू को दी श्रद्धांजलि


रांची। राजधानी रांची में सुबह से हो रही भारी बारिश के बावजूद राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ता पुराना हाईकोर्ट स्थित अंबेडकर चौक, डोरंडा में एकत्र हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने दिवंगत मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू जी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद जाति जनगणना में ओबीसी कॉलम की मांग को लेकर काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया गया। राजकीय शोक को देखते हुए कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की नारेबाजी नहीं की गई और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण रहा।

"सबका साथ, सबका विकास" पर उठाए सवाल

प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार एक ओर "सबका साथ, सबका विकास" की बात करती है, लेकिन दूसरी ओर ओबीसी की गिनती से ही परहेज कर रही है। उन्होंने बताया कि पूरे झारखंड में आज हजारों साथियों ने अपने घरों पर ही काला रिबन लगाकर इस आंदोलन को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अब रांची से निकलकर गांव-गांव तक पहुंच चुकी है और अब गांव से दिल्ली तक कूच किया जाएगा।

Peaceful Protest by OBC Morcha in Ranchi Black Badges Worn to Express Dissent

"ओबीसी कॉलम नहीं, तो गिनती नहीं"

राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के वरिष्ठ साथी और झारखंड कौमी ताहिर के अध्यक्ष आजम अहमद ने कहा कि बारिश के बावजूद साथी अपने संकल्प पर डटे रहे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठन की मांग साफ है: जाति जनगणना 2027 में ओबीसी कॉलम जोड़ना ही होगा। उन्होंने नारा दिया, "ओबीसी कॉलम नहीं तो ओबीसी की गिनती नहीं।"

सरकार को चेतावनी

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष उत्कर्ष कुमार ने कहा कि आज शोक का सम्मान करते हुए कोई नारेबाजी नहीं की गई, लेकिन सरकार इस शांतिपूर्ण विरोध को कमजोर न समझे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ओबीसी कॉलम नहीं जोड़ा गया तो आने वाले दिनों में पूरे झारखंड में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित

मौके पर प्रदेश के वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश साहू, डॉ. दिलीप सोनी, प्रो. भरत ठाकुर, रविंद्र यादव, विनोद कुमार गोप, सुबोध कुमार ठाकुर, मो. इसराइल खालिद, अजय कुमार, मोहम्मद मोईन, परवेज अहमद, डॉ. शिवानंद काशी, केपी यादव, सच्चिदानंद, बृजेश कुमार, बालेश्वर ठाकुर, रोहित कुमार, छात्र नेता रवि कुमार और सचिंद्र गोप सहित कई लोग उपस्थित थे।