सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक का विदेशी अधिग्रहण : अनुभव और चुनौतियां

(आलेख : एस. एस. अनिल, अनुवाद : संजय पराते)

     हम भारतीय बैंकिंग के इतिहास में एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गए हैं। ऐसे समय में, जब कनाडाई विदेशी वित्तीय पूंजी के नियंत्रण में आ चुके कैथोलिक सीरियन बैंक (सीएसबी)  का अनुभव हमारे लिए एक चेतावनी है, आईडीबीआई बैंक — जो देश की आर्थिक संप्रभुता और सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकिंग व्यवस्था के लिए काफी महत्व रखता है — को विदेशी पूंजी के हवाले करने का कदम गंभीर चिंताएं पैदा करता है। यह केवल किसी बैंक के स्वामित्व में बदलाव नहीं है। यह भारतीय बैंकिंग में सार्वजनिक क्षेत्र के बचे-खुचे हुए प्रभाव को और कमजोर करने तथा देश की बैंकिंग व्यवस्था पर विदेशी वित्तीय पूंजी के वर्चस्व को मजबूत करने का प्रयास है।

Public Sector Bank ka Videshi Adhigrahan Anubhav aur Chunautiyan

     आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के कदम को एक निजी बैंक के शेयरों की केवल एक और बिक्री के रूप में नहीं देखा जा सकता। ऐसा इसलिए, क्योंकि आईडीबीआई वास्तव में अपना सार्वजनिक क्षेत्र का चरित्र और सरकारी नियंत्रण बनाए रखे हुए है। यह तथ्य कि भारतीय रिजर्व बैंक ने 21 जनवरी 2019 से नियामक उद्देश्यों के लिए आईडीबीआई बैंक को निजी क्षेत्र के बैंक के रूप में पुनर्वर्गीकृत किया था, इसके सार्वजनिक क्षेत्र के चरित्र को अपने आप में समाप्त नहीं करता। इसके स्वामित्व, प्रशासनिक नियंत्रण, वैधानिक दायित्वों और जनता के प्रति जवाबदेही की जांच से यह स्पष्ट हो जाता है।

विदेशी पूंजी का प्रवेश : एक ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य

     भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में विदेशी पूंजी का प्रवेश कोई नई घटना नहीं है। 1990 के दशक से लागू आर्थिक उदारीकरण की नीतियों के बाद, निजी बैंकों के स्वामित्व और नियंत्रण पर विदेशी वित्तीय संस्थानों का प्रभाव लगातार बढ़ा है।

     1999 में, इंटरनेशनल नीदरलैंड ग्रुप (आईएनजी) के पूर्ववर्ती बैंक ब्रुसेल्स लैम्बर्ट (बीबीएल) ने भारत के वैश्य बैंक में हिस्सेदारी हासिल की। 2002 तक, आईएनजी की शेयरधारिता बढ़कर लगभग 43 प्रतिशत हो गई। इससे विदेशी वित्तीय पूंजी को आईएनजी वैश्य बैंक के नाम से बैंक के प्रबंधन पर निर्णायक प्रभाव हासिल करने में मदद मिली। इसके बाद, 2015 में इस बैंक का कोटक महिंद्रा बैंक में विलय कर दिया गया। यह भारत के निजी बैंकिंग क्षेत्र में विदेशी पूंजी के प्रभाव बढ़ने के शुरुआती महत्वपूर्ण उदाहरणों में से एक था। 2019 में, 17 वर्षों के बाद, जब आईएनजी समूह ने अंततः कोटक महिंद्रा बैंक में अपनी पूरी शेयरधारिता बेच दी, तो वह अपने निवेश की अवधि के दौरान वार्षिक लाभांश के रूप में प्राप्त करोड़ों रुपये के अलावा 12,600  करोड़ रुपये के मुनाफे के साथ बाहर निकला!

     इसके बाद, नवंबर 2020 में, तमिलनाडु स्थित लक्ष्मी विलास बैंक का नियंत्रण सिंगापुर स्थित डेवलपमेंट बैंक ऑफ सिंगापुर (डीबीएस) की भारतीय सहायक कंपनी को हस्तांतरित कर दिया गया। भारतीय रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप के बाद, वित्तीय रूप से संकटग्रस्त लक्ष्मी विलास बैंक का डीबीएस बैंक इंडिया में विलय कर दिया गया। यह एक विदेशी बैंक द्वारा नियंत्रित संस्थान में एक भारतीय निजी क्षेत्र के बैंक के समाहित होने का स्पष्ट उदाहरण था।

     हालाकि, सीएसबी बैंक के मामले में जो हुआ, वह अलग था। कनाडाई वित्तीय संस्थान फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स द्वारा नियंत्रित इकाई एफआईएच मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स ने त्रिशूर स्थित कैथोलिक सीरियन बैंक के 51 प्रतिशत शेयर हासिल किए। भारतीय रिजर्व बैंक ने 12 जुलाई 2018 को इसके लिए मंजूरी दी। निवेश की प्रक्रिया अक्टूबर 2018 में शुरू हुई, और 51 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण 2019 में पूरा हुआ। यह अपनी तरह का पहला लेन-देन था, जिसमें एक विदेशी गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थान ने किसी भारतीय बैंक की बहुमत शेयरधारिता और नियंत्रण को हासिल किया।

     इस प्रवृत्ति का नवीनतम और सबसे गंभीर उदाहरण अब आरबीएल बैंक है। दुबई स्थित एमिरेट्स एनबीडी ने 18 जून 2026 को आरबीएल बैंक में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा किया। इसने लगभग 26,016 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश के माध्यम से नियंत्रण हासिल किया। भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी के साथ, आरबीएल बैंक एक विदेशी बैंक की सहायक कंपनी के रूप में काम करने की दिशा में आगे बढ़ा।

     आईएनजी वैश्य से आरबीएल बैंक तक की यात्रा से एक बात स्पष्ट हो जाती है : विदेशी पूंजी अब भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में केवल एक निवेशक तक सीमित नहीं है। यह बैंकों के प्रबंधन, नीति-निर्माण और नियंत्रण में एक निर्णायक शक्ति के रूप में उभर रही है। इसी पृष्ठभूमि में आईडीबीआई बैंक के प्रस्तावित विदेशी अधिग्रहण की जांच की जानी चाहिए।

सीएसबी का अनुभव एक चेतावनी

     1920 में त्रिशूर में स्थापित कैथोलिक सीरियन बैंक एक ऐसा संस्थान था, जो केरल के सामाजिक और आर्थिक विकास से निकटता से जुड़ा था। इसने पारंपरिक रूप से आम लोगों, छोटे व्यापारियों और किसानों की बैंकिंग जरूरतों को महत्व दिया था। 1994 की शुरुआत में ही, बैंक को विदेशी पूंजी को सौंपने के प्रयासों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज किया गया था। उस समय, थाईलैंड स्थित एस. एस. चोवाला समूह द्वारा बैंक पर नियंत्रण हासिल करने के प्रयास को एक जन आंदोलन के माध्यम से सफलतापूर्वक रोका गया था।

     बहरहाल, स्थिति तब बदल गई, जब फेयरफैक्स ने 2018 में बैंक के 51 प्रतिशत शेयर हासिल कर लिये। उस समय यह तर्क दिया गया था कि एक विदेशी निवेशक का पूंजी निवेश बैंक को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। लेकिन क्या मुनाफा बढ़ाना ही किसी बैंक का एकमात्र उद्देश्य है? क्या इसकी सामाजिक जिम्मेदारियों — जैसे समाज के विभिन्न वर्गों को बैंकिंग सेवाएं प्रदान करना, कृषि और छोटे उद्यमों को ऋण देना, और आम लोगों की बचत का सुरक्षित उपयोग करना — को कोई महत्व नहीं दिया जाना चाहिए?

     सीएसबी बैंक में कर्मचारी संगठनों और अन्य संगठनों द्वारा इसके विरोध में उठाई गई शिकायतें इन सवालों को और अधिक प्रासंगिक बनाती हैं। स्थायी कर्मचारियों की संख्या में भारी कमी, नियमित भर्ती का लगभग अभाव, अस्थायी कर्मचारियों पर बढ़ती निर्भरता, वेतन संशोधनों में खराब प्रदर्शन और लक्ष्य-आधारित तीव्र दबाव उनकी प्रमुख शिकायतों में शामिल हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के पारिश्रमिक व लाभों और बैंक की कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

     2024 में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा बैंक पर लगाए गए जुर्माने पर भी इस संदर्भ में चर्चा करने की आवश्यकता है। इन मामलों में पारदर्शी जांच की आवश्यकता है। साथ ही, इस सवाल को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि मुनाफे और शेयरधारकों के हितों को अत्यधिक महत्व दिए जाने से, क्या सामाजिक बैंकिंग के बुनियादी उद्देश्य कमजोर हो रहे हैं?

     यदि बैंकिंग नीतियां इस हद तक बदल जाती हैं कि आम लोगों के लिए बैंक खाता खोलना भी कठिन हो जाए, और कम लागत वाली बैंकिंग सेवाओं में धीरे-धीरे कटौती की जाए, तो  समाज के आर्थिक रूप से कमजोर तबके सबसे अधिक प्रभावित होंगे। सीएसबी का अनुभव हमें याद दिलाता है कि किसी बैंक के मुनाफे में वृद्धि और जनता को उपलब्ध सेवाओं में सुधार का एक ही अर्थ होना जरूरी नहीं है।

आईडीबीआई : सार्वजनिक क्षेत्र का चरित्र वाला निजी बैंक

     आईडीबीआई बैंक के मामले में एक और महत्वपूर्ण तथ्य है, जिसे समझने की आवश्यकता है। वर्तमान आईडीबीआई बैंक का गठन 2003 में हुआ था। संसद में तत्कालीन वित्त मंत्री जसवंत सिंह ने यह आश्वासन दिया था कि केंद्र सरकार की शेयरधारिता को 51 प्रतिशत से नीचे नहीं गिरने दिया जाएगा।

     21 जनवरी 2019 से, भारतीय रिजर्व बैंक ने नियामक उद्देश्यों के लिए आईडीबीआई बैंक को निजी क्षेत्र के बैंक के रूप में पुनर्वर्गीकृत किया। बहरहाल, इस पुनर्वर्गीकरण ने इसके सार्वजनिक क्षेत्र के चरित्र को पूरी तरह समाप्त नहीं किया। कुछ लोग जानबूझकर इस अंतर को छिपाते हैं और तर्क देते हैं कि आईडीबीआई पहले से ही एक निजी बैंक है और जो कुछ अब हो रहा है, वह एक निजी बैंकिंग संस्थान में शेयरों का केवल एक और हस्तांतरण है।

     आईडीबीआई बैंक के जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के पास 49.24 प्रतिशत शेयर हैं, जबकि केंद्र सरकार के पास 45.48 प्रतिशत शेयर हैं, दोनों मिलकर बैंक की शेयरधारिता का 94.72 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं। बैंक के बोर्ड में एलआईसी और केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व करने वाले नामित निदेशक शामिल हैं। बैंक केंद्रीय सतर्कता आयोग और सूचना के अधिकार अधिनियम के दायरे में बना हुआ है। यह अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षण के प्रावधानों का भी पालन करता है। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित राजभाषा नीति भी बैंक पर लागू होती है।

     ये सभी तथ्य दर्शाते हैं कि आईडीबीआई बैंक का सार्वजनिक क्षेत्र का चरित्र केवल इसके नाम या इतिहास तक सीमित नहीं है। सरकारी नियंत्रण और जनता के प्रति जवाबदेही इसके कामकाज के तरीके को निर्धारित करती हैं। ठीक इसी कारण से आईडीबीआई बैंक का प्रस्तावित विदेशी अधिग्रहण सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकिंग व्यवस्था पर सीधा हमला है।

आईडीबीआई बैंक पर फेयरफैक्स द्वारा नियंत्रण का प्रयास

     14 अक्टूबर 2026 को, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आईडीबीआई  बैंक के 60.72 प्रतिशत शेयरों को कनाडाई कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स द्वारा नियंत्रित एक इकाई को बेचने की मंजूरी दी। स्थानांतरित किए जाने वाले प्रस्तावित शेयरों में केंद्र सरकार के पास मौजूद 30.48 प्रतिशत और जीवन बीमा निगम के पास मौजूद 30.24 प्रतिशत हिस्सेदारी शामिल है। 81 रूपये प्रति शेयर की दर से, इस लेन-देन का कुल मूल्य 52,878.08 करोड़ रूपये है। लेन-देन पूरा होने के बाद भी, केंद्र सरकार के पास 15 प्रतिशत हिस्सेदारी और एलआईसी के पास 19 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहेगी, लेकिन वे बैंक पर नियंत्रण खो देंगे।

     यहां जो सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न उठता है, वह यह है : हमारे देश में एक सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थान का नियंत्रण विदेशी निजी पूंजी को क्यों सौंपा जाना चाहिए? क्या बैंक की वित्तीय स्थिति और परिचालन दक्षता में सुधार के लिए विदेशी स्वामित्व आवश्यक है? क्या सरकार आवश्यक पूंजी प्रदान करके बैंक को मजबूत और आधुनिक नहीं बना सकती?

     इस बिक्री को लेकर उठने वाले सबसे गंभीर प्रश्नों में से एक शेयरों के मूल्यांकन से जुड़ा है। शुरुआती आंकड़ों में 94.42 रूपये प्रति शेयर की कीमत का संकेत मिला था। हालांकि, प्रस्तावित बिक्री अब केवल 81 रूपये प्रति शेयर पर की जा रही है। यह प्रति शेयर 13.42 रूपये का अंतर दर्शाता है। यदि हम केवल इस अंतर पर ही विचार करें, तो केंद्र सरकार और एलआईसी को लगभग 8,761 करोड़ रूपये का नुकसान होगा। इसके अतिरिक्त, आईडीबीआई बैंक के पास मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद और पुणे जैसे प्रमुख शहरों और स्थानों में हजारों करोड़ रुपये मूल्य की 120 संपत्तियां हैं। इसके अलावा, अप्रैल 2021 और जून 2026 के बीच, आईडीबीआई बैंक ने 33,088 करोड़ रूपये का शुद्ध मुनाफा कमाया है।

     यहां एक और विरोधाभास यह है कि वही फेयरफैक्स, जो पहले से ही सीएसबी बैंक को नियंत्रित करता है, अब आईडीबीआई पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश कर रहा है। विदेशी वित्तीय पूंजी, जिसने सीएसबी में अपने निवेश के माध्यम से भारतीय बैंकिंग में अपनी उपस्थिति पहले ही मजबूत कर ली है, अब एक ऐसे प्रमुख बैंक पर नियंत्रण करने के लिए तैयार है, जो अपना सार्वजनिक क्षेत्र का चरित्र बनाए रखता है।

     विदेशी पूंजी द्वारा किसी निजी बैंक का नियंत्रण हासिल करने से आगे बढ़कर सार्वजनिक क्षेत्र के चरित्र वाले बैंक का अधिग्रहण करने के इस बदलाव को अत्यंत गंभीरता से देखा जाना चाहिए। यदि इसकी अनुमति दी जाती है, तो यह भविष्य में विदेशी निवेशकों के लिए अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शेयरधारिता और प्रशासनिक नियंत्रण हासिल करने का मार्ग खोल सकता है। इसलिए, आईडीबीआई का मुद्दा केवल आईडीबीआई बैंक के कर्मचारियों की चिंता का विषय नहीं है। यह भारत की संपूर्ण सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकिंग व्यवस्था के भविष्य से जुड़ा है।

आम लोगों के बैंकिंग अधिकार कहां हैं ?

     बैंकिंग के सामाजिक महत्व को समझने के लिए, हमें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के इतिहास को देखने की आवश्यकता है। बैंक राष्ट्रीयकरण ने एक ऐसी व्यवस्था बनाई है, जिसके माध्यम से लोगों की बचत को विकास और सामाजिक आवश्यकताओं की ओर लगाया जा सका है। बैंकिंग सेवाएं गांवों और छोटे शहरों तक पहुंचीं है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने किसानों को कृषि ऋण, छात्रों को शिक्षा ऋण, छोटे व्यापारियों को व्यावसायिक ऋण, सामान्य परिवारों को आवास ऋण और स्वरोजगार करने वाले उद्यमियों को ऋण प्रदान करना संभव बनाया।

     बैंक राष्ट्रीयकरण की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसने लोगों की बचत को, जो पहले धनी व्यक्तियों और बड़े उद्योगपतियों के नियंत्रण में थी, सामाजिक विकास के लिए उपयोग करने में सक्षम बनाया है। प्राथमिकता क्षेत्र में ऋण, ग्रामीण बैंकिंग, कृषि ऋण, शिक्षा ऋण और स्वयं सहायता समूहों के लिए ऋण सुविधाएं -- ऐसी सामाजिक जिम्मेदारियां हैं, जिन्हें किसी बैंक के लाभ-हानि खातों तक सीमित नहीं किया जा सकता।

     बहरहाल,  जैसे-जैसे निजीकरण और विदेशी स्वामित्व को गति मिलती है, बैंकों की प्राथमिकताओं में बदलाव आने की संभावना है। निवेश पर अधिक रिटर्न उत्पन्न करना, शेयरधारकों के मुनाफे को अधिकतम करना, लागत में कटौती करना और उच्च लाभ की संभावना वाले लेन-देन को प्राथमिकता देना मुख्य उद्देश्य बन जाएंगे। ऐसी परिस्थितियों में, छोटे ऋण, कृषि ऋण, शिक्षा ऋण और ग्रामीण बैंकिंग सेवाओं की उपेक्षा होने की संभावना है।

     आम लोगों को उपलब्ध सीमित बैंकिंग सुविधाएं भी धीरे-धीरे समाप्त हो सकती हैं। कम न्यूनतम शेष राशि के साथ खाते रखने की सुविधा, किफायती बैंकिंग सेवाएं और शाखाओं के माध्यम से प्रत्यक्ष लेन-देन सभी अधिक प्रतिबंधों के अधीन आ सकते हैं। डिजिटल बैंकिंग के नाम पर, तकनीकी सुविधाओं तक पहुंच न रखने वाले लोग, बुजुर्ग नागरिक और ग्रामीण समुदाय भी स्वयं को बैंकिंग व्यवस्था से तेजी से बाहर होते हुए देख सकते हैं।

     दूसरी ओर, बड़े कॉर्पोरेट घरानों को ऋण देने और उनके व्यावसायिक हितों की रक्षा के लिए आम लोगों की जमा राशि का उपयोग करने का दायरा बड़ा होगा। जब बड़े कॉर्पोरेट ऋण वापस नहीं किए जाते और गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) में बदल जाते हैं, तो इसके परिणाम एक बार फिर बैंक, उसके जमाकर्ताओं और सार्वजनिक संपत्ति को भुगतने पड़ते हैं। मुनाफे का निजीकरण और नुकसान का समाजीकरण और अधिक स्पष्ट हो सकता है।

देशभक्ति और विदेशी पूंजी का पाखंड।

     सत्ता में बैठे वे लोग, जो भारत की आर्थिक संप्रभुता के बारे में बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वही लोग देश की बैंकिंग व्यवस्था का नियंत्रण विदेशी पूंजी को सौंप रहे हैं। विदेशी निवेश का स्वागत करने के नाम पर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण वित्तीय संस्थानों के स्वामित्व और नियंत्रण को हस्तांतरित करना राष्ट्रीय हितों के अनुकूल कैसे माना जा सकता है?

     यहां आलोचना देश में विदेशी पूंजी के प्रवेश के खिलाफ नहीं है। जिस बात का विरोध किया जा रहा है, वह यह है कि विदेशी निजी पूंजी को देश की आर्थिक नीतियों को प्रभावित करने, आम लोगों की बचत के उपयोग को नियंत्रित करने और बैंकों की प्रबंधन नीतियों को निर्धारित करने का अधिकार दिया जा रहा है।

     किसी देश की बैंकिंग प्रणाली उसकी आर्थिक संप्रभुता का एक महत्वपूर्ण घटक है। जमा राशि को कहां लगाया जाना चाहिए, किन क्षेत्रों को ऋण मिलना चाहिए, और कृषि तथा छोटे उद्यमों को कितना समर्थन दिया जाना चाहिए, इस पर निर्णय केवल निजी मुनाफे की खोज से निर्धारित नहीं होने चाहिए।

3 दिसंबर की हड़ताल : जन प्रतिरोध का निर्माण करो !

     इसी संदर्भ में 3 दिसंबर को बैंक कर्मचारी संगठनों द्वारा आहूत अखिल भारतीय हड़ताल का महत्व और बढ़ जाता है। इस हड़ताल को केवल बैंक कर्मचारियों के वेतन और सेवा शर्तों के संघर्ष तक सीमित नहीं किया जा सकता। इसे आईडीबीआई बैंक के विदेशी अधिग्रहण के खिलाफ और सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकिंग की रक्षा के लिए एक व्यापक जन आंदोलन के हिस्से के रूप में देखा जाना चाहिए।

     बैंक कर्मचारियों के सामने मौजूद नौकरी की असुरक्षा, नियमित भर्ती में गिरावट, बढ़ती संविदा व्यवस्था, लक्ष्य-आधारित कार्य का दबाव और सेवा शर्तों में गिरावट -- ये सभी निजीकरण की नीतियों के परिणाम हैं। सीएसबी बैंक में कर्मचारियों के अनुभव इस संबंध में एक चेतावनी का काम करते हैं। यदि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का नियंत्रण निजी विदेशी पूंजी को सौंप दिया जाता है, तो ऐसी प्रवृत्तियों के और पैर फैलाने की पूरी संभावना है।

     इसलिए, इस संघर्ष में केवल बैंक कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, छात्रों, शिक्षकों, पेंशनभोगियों, स्वरोजगार करने वाले उद्यमियों और बैंकिंग सेवाओं पर निर्भर आम लोगों को भी शामिल होना चाहिए। विशेष रूप से, शिक्षा ऋण और अपनी आजीविका स्थापित करने के लिए ऋण की आकांक्षा रखने वाले शिक्षित युवाओं को इस मुद्दे की गंभीरता को पहचानना चाहिए। ये नीतियां सीधे उनके भविष्य, रोजगार के अवसरों और बैंकिंग प्रणाली की सामाजिक जिम्मेदारियों को प्रभावित करती हैं।

     यदि लोगों की बचत से बने बैंकों को निजी विदेशी पूंजी को सौंपने की अनुमति दी जाती है, तो हम अंततः अपनी आर्थिक व्यवस्था पर ही नियंत्रण खो सकते हैं। इसलिए, आईडीबीआई की रक्षा करना केवल एक बैंक की रक्षा करना नहीं है। यह देश की आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक बैंकिंग की प्रणाली की रक्षा करना है।

     हमें सीएसबी के अनुभव से मिली चेतावनी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आईडीबीआई के विदेशी अधिग्रहण को रोकना हमारे सामने एक तात्कालिक कार्यभार है। इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए 3 दिसंबर की हड़ताल को एक शक्तिशाली जन आंदोलन के रूप में विकसित होना चाहिए। यह केवल बैंक कर्मचारियों का संघर्ष नहीं है ; यह उन सभी का सामूहिक संघर्ष है, जो देश की आर्थिक स्वतंत्रता और लोगों की बचत की सुरक्षा में विश्वास रखते हैं।

     झूठी देशभक्ति की आड़ में की जा रही विदेशी पूंजी की लूट के खिलाफ जन एकता को मजबूत किया जाना चाहिए। सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकिंग की रक्षा की जानी चाहिए।

(लेखक बैंक एम्प्लॉयज फेडरेशन ऑफ इंडिया -- बेफ़ी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। अनुवादक अखिल भारतीय किसान सभा से संबद्ध छत्तीसगढ़ किसान सभा के उपाध्यक्ष हैं। संपर्क : 94242-31650)