नई दिल्ली में मिला देश भर के ओबीसी संगठनों का प्रतिनिधि मंडल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर नागरिक समाज संगठनों और जन आंदोलनों के प्रतिनिधियों से संवाद करने के बाद शनिवार को देश भर के ओबीसी वर्ग के सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की. बैठक में सभी प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से ओबीसी की प्रतिबद्धता जातिवार गणना, सुप्रीम कोर्ट द्वारा आरक्षण पर लगाई 50 प्रतिशत की सीमा हटाने के लिए संवैधानिक संशोधन को प्रभावी करने जैसे विभिन्न लंबित मुद्दों पर राहुल गांधी के साथ चर्चा की. डेढ़ घंटे से भी अधिक समय तक चली चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने इन मुद्दों के समाधान को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई. उन्होंने माना कि देश में ओबीसी समुदाय के 70 करोड़ लोग टैक्स के रूप में जीएसटी भरते है, लेकिन इसकी तुलना में उन्हें अपनी हिस्सेदारी भी नहीं मिल रही है. उन्होंने कहा कि यही वजह है कि यह समुदाय वहीं का वहीं ठहर गया है. इसलिए ओबीसी की हर हाल में जातीय जनगणना कराए जाने के मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने इस पर अपनी प्रतिबद्धता दर्शायी.